एक बेचैनी सी है
इस मन में कहीं.
हकलाती,
टूटते शब्दों को
गुनगुनाती,
थोड़ी खुश,
थोड़ी घबराई,
थोड़ी व्याकुल
थोड़ी पराई.
उत्सुक
इस तारीख पर
जो भर लायी है
उम्मीदों को अपनी
मुट्ठी में.
अब इंतज़ार है
की बस मुट्ठी खुले
और बिखेर दे
जीने का उत्साह
मुझमें
और सबमें.
इक कमरा जिसमें
बिखरी हुई किताबें
धूल कि परत ओढ़े
सिसकती हैं.
इक कमरा जहाँ
दीवारों पर टंगे चित्र
किसी भीड़ वाली
सड़क का शोर हैं.
इक कमरा जिसके
पलंग, कुर्सी और
पानी कि बोतल को
इक अनिश्चित इंतज़ार है.
इक कमरा जिनकी
खिडकियों से दिखता
दूर रोशनियों का
श्रृंगार है.
उस कमरे से
आज बात हुई.
वो कमरा बीमार है.
लम्हों की पहचान
उनके अस्तित्व
से परे
निर्भर होती है -
उन्ही लम्हों में
जीवित "मैं" और "तुम" पर.
एक पहचान ऐसी
जो जीने को
मजबूर कर दे.
एक ऐसी
जो कहे कि
अब बहुत हुआ.
समय पिघला नहीं,वो तो भाप बनकर
उड़ गया .
कुछ बदला,
हवा में.
शायद पारा बढ़ा.
और शायद कुछ बोझ.
मैं भी हुआ कुछ अलग.
शायद कमज़ोर.
समय की बर्फ को
जमाना हि एक
भूल थी शायद.
क्योंकि समय पिघला नहीं,
वो तो भाप बनकर
उड़ गया .
जाना तो है कि मंज़िल मिली
नहीं अब तक.
आया था यहाँ कुछ
पाने,
कुछ संजोने,
कुछ बटोरने.
फिर रुका कुछ दिन
जिसमे मिला सबसे
थोडा स्नेह,
थोड़ी आशाएं
और थोड़ा विश्वास.
आज जा रहा हूँ,
लिए
कुछ हंसी कि बूँदें
और कुछ
अटूट रिश्ते.
क्योंकि
जाना तो है
कि मंज़िल मिली
नहीं अब तक.