Apr 8, 2023

उम्र

वो लौटना चाहता था। 

वापस।

शुरू की शुरुआत में। 


जो जिया, जो भुगता था। 

पुनः वांछित। 

मोह की बुभुक्षा में। 


वो समझ रहा था। 

बढ़ना आगे। 

व्यर्थ है अंधकार में। 


अतः कर रहा था। 

प्रयास। 

यथार्थ के अपवाद में। 


पर जो शुरू हुआ था। 

अब कहाँ था। 

उम्र के इस मुक़ाम में। 


निरंतर चलना ही था। 

सबका प्रारब्ध। 

पूर्वनिश्चित अनुपात में। 


बदलाव का ठहराव नहीं था। 

संभव। 

जीवन के इतिहास में। 

Mar 19, 2023

साल का हाल

 

साल का हाल 

पूछते नही 

बूझते हैं। 


खेतों की दरारों से

ब्याही बिटिया के अविरल ठहाकों से

विरह गीत में फूटते आंसुओं से

तो किसी खुली पड़ी नींव में उपजे पीपल के चार पत्तों से। 


साल का हाल 

बूझते नही 

पूछते हैं। 


रिश्तेदारों से त्योहारों में,

भारी होते व्यवहारों में

बुझते इश्क़ की वफ़ादारी में

तो किन्ही अटकती साँसों का लम्बी बीमारी में। 


Mar 4, 2023

अंतिम पड़ाव - एक बस स्टैंड


अजनबी शाम के साथ

मेरे बेफिक्र कदमों ने 

उस शहर से की 

इक छोटी छेड़-छाड़। 


नया था मैं 

नया था शहर 

नयी थी गालियाँपेड़ 

और सारे मकान। 

समेटे किंचित् हर कोने में 

सदियों पुरानी पहचान। 


जैसे

उसके मैदानों में खेलता वही बचपन

तो झांकता वही बुढ़ापा गलियारों में। 

रास्तों में बिछा थोड़ा परिचित उतार-चढ़ाव। 

जैसे

संगीत का तैरना हवाओं में। 

या किसी छूटी हंसी का रिझाना शरारतों में। 

या शायद किसी भूली श्वास का बहना शरीरों में। 


ऐसे किसी मोड़ पर 

चाय की टपरी से सटा

चटोरी गली से कटा

चार रस्ते से हटा

अचलितस्वच्छंद

वो इक पुराना बस स्टैंड। 


खुली खिलखिलाहट में जिसकी

था एक चुभता स्पर्श। 

खरोंचता उस टीस को

जो कभी था मेरा उत्कर्ष। 


 गिन मेरे साथ कुछ लम्हे

थी उसकी पुकार। 

नहीं कोई अपना,

सबका अपना-अपना व्यापार। 

तुम आगंतुक

लगते हो अपने

देखे-बूझे। 

क्या करोगे कुछ क्षणों 

का व्यवहार


मैं बेकार

निरंतर खोज से लाचार। 

बटोरकर उपकार

बैठ गया कुछ पल चार। 


क्या पता,

वो होगा मेरा अंतिम पड़ाव।