Jun 4, 2012

नए का पागलपन

कुरेदना 
पाटना 
पकड़ना 
और फिर फ़ेंक देना 

हिचकियों का 
बातें बनाना 
हकलाना 
चिल्लाना 
और फिर आवाजों को 
निचोड़कर 
किसी गंगा में बहाना 

सपनो को सुखाना 
पीसना 
मसलना 
और फिर 
एक फूँक में उड़ाना

रोज़ का बहाना 
कल नया करूंगा

Apr 22, 2012

मेरी अम्मी


काठ की इक
बूढी कुर्सी 
बगल कि मेज़ 
और 
रात के खाने से 
सजी इक प्लेट. 

इक हाथ में 
फ़ोन का रिसीवर 
और 
दुसरे में इक 
भीगा कौर. 

कुछ पहचानी धुनें 
कुछ रौशनी 
थोड़ी हलचल 
बेइन्तेहाँ प्यार. 

पतली सी चिंता 
साफ विश्वास 
अटूट गर्व 
और 
स्थिर चंचलता. 

सबकी टोकरी 
मेरी अम्मी. 

किस्मत


कभी जुड़ती 
कभी मुड़ती 
कभी खिंचती
कभी रुकती 
बिछी हैं ये लकीरें 
इस काल में 
जिसका अंत 
निश्चित है 
कभी किसी रोज़ 

Jun 19, 2011

तुम्हारी धुनें


इन धुनों में 
ऐसा क्या है? 
जो इक तरंग जगा 
देता है इन सांसों में. 

मन कि डूबती हुई 
स्थिरता जीवंत हो 
उठती है. 
आँखों का पथरीला पण 
पिघलने लगता है. 
हवाओं का स्पर्श भी 
महसूस होता है मुझे. 

और मैं गुनगुनाने लगता हूँ 
तुम्हारी धुनें. 

सुबह के पांच बजे

कौन हूँ मैं? 
एक बच्चा जो 
कोशिश कर रहा है 
अपने टूटे खिलौने को 
नया जीवन देने की 
या कि 
एक बूढा जो 
देख नहीं सकता 
सुन नहीं सकता 
चल फिर नहीं सकता 
बस कर सकता है तो यह 
कि चारपाई पैर लेट के 
पंखों के डैनो को घूमता देखे 
और करे इंतज़ार 
उसके और 
अपने रुकने का. 

कौन हूँ मैं? 
ख़त्म होती रात की 
बैंगनी चादर? जो 
फैली है समस्त आकाश में, 
बदलती रंग 
सूरज की हर किरण के साथ
या कि 
शाम कि बिखरी धुल 
जो 
एक जिद पे अड़ी है 
रूठी है 
नाराज़ है 
और शायद इसलिए 
स्थिर होने का नाम नहीं लेती. 

आखिर कौन हूँ मैं?