Mar 10, 2010

क्यों?

क्यों?
ज़रूरी होता है कभी
एकाकी होना.
स्वयं कि सुनना और
उन्मुक्त बहना.

क्यों?
परवाह करके उनकी
असफलता सहना.
फिर कोसना और
निराश रहना.

क्यों?
कभी कभी मन का
विद्रोही बनना.
स्वयं का साथ पर
दूसरों को चोट देना.

लेकिन क्या यह सोचना
आवश्यक है?

क्यों विवश है मन आज
इन तुच्छ बातों को लेकर?

Mar 1, 2010

होली

चलो आज रंगों की ,
बदमाशी में भीग जायें ।

पीले के प्यार को लपेटें ,
लाल के गुस्से को पिघलाएं ।

बैंगनी की चटक ओढ़कर ,
गुलाबी शर्म में बहक जायें ।

नीले को आसमान से चुराएं ,
फिर हरे को घोल कर पी जायें ।

सारी बातें भूलकर ,
क्यों ना इन्द्रधनुष बन जायें ?

चलो आज रंगों की ,
बदमाशी में भीग जायें ।

Dec 7, 2008

आना या ना आना

एक समय बाद,
रौशनी का मुरझाना,
बच्चों का बौराना,
और आवाजों का ठिकाना,
मिट जाना।
लेकिन वही पुराना,
तुम्हारा,
आना या ना आना।

फिर,
सोच का सिमटना,
व्यभिचार का पनपना,
चरित्र का हकलाना,
बौखलाना।
लेकिन वही पुराना,
तुम्हारा,
आना या ना आना।

अब,
इंतज़ार का सिसकना,
धैर्य का बिलखना,
करवटों की उत्तेजना,
और सबका यही पूछना की,
नींद,
तुम्हारी हट को कैसे मनाना।

Dec 2, 2008

आतंक का अट्टहास

अलसाते हुए ज़िन्दगी ने,
खोली,
जब आँखें,
ली अंगड़ाई,
और किया आविर्भाव इस दुनिया में।
तब,
सुनाई दी खिलखिलाहट।

ज़िन्दगी ने कुछ रूप,
बदले,
हुई विकसित,
मस्तिष्क,
और शरीर से।
तब सुनाई दिया रुंदन।

ज़िन्दगी हुई पड़ी है,
विकृत,
कृतघ्न,
और अग्रसर विनाश की तरफ़ आज।
तब,
गूंजता सुनाई देता है सिर्फ़ क्रूर अट्टहास।

Nov 26, 2008

मुर्खता की पराकाष्ठा

शाम होने को है,
दिये नही जलाये,
चूल्हा नही फूँका।
बस चारपाई बिछाई,
और करने लगे इंतज़ार।

इंतज़ार :-
उन दिनों का,
जो जल - बुझ चुके।
उन लम्हों का,
जो मर चुके।
उन जीवों का,
जो नश्वरता लाँघ चुके।

अक्ल का वरदान,
लुटाने के बाद।
बेसहारा,
जर्जर,
अकेली,
बिछाई चारपाई,
और सोचने लगी की कुछ बदले।