Jan 26, 2022

ठूँठा पेड़

   Flyover से उतरते ही 

दूर। वहाँ।  

निष्ठुर यातायात के ज्वार-भाटे में अड़ा

मेरा मित्र, मेरा प्रकाश स्तम्भ।

वृक्ष योनि से मुक्त।

वो एक सूखा पेड़। 


ना फूल उसमें, ना कोई फल,

और ना ही गहरी छाया। 

पत्तियों ने भी त्याग दिया जिसकी ठूँठी काया। 


जात नही, पहचान भी शून्य 

और नही परिजन का साया। 

इस एकाकी जीवन में उसने,

क्या खोया, क्या पाया। 


मिला क्या? बस 

काले-सुफ़ेद पन्नी के चीथड़े।

सुना क्या? बस 

सिसकती गाड़ियों की चीखें। 

देखा क्या? बस 

बसती-उजड़ती, निरंतर गिरती सभ्यताएँ। 


परंतु अचल रहा वो।

शालीन, तटस्थ

निर्भय, उन्मत्त। 

नही कूचा शहर से,

जैसे हम पलायित होते हैं। 

प्रतिकूल मौसमों से। 


वो।

मेरे साहस का प्रतिबिम्ब।

मेरे उत्साह का चिन्ह। 

मेरे अस्तित्व का अनुस्मारक। 

मेरी आकांक्षा का समर्थक। 

मेरा मित्र, मेरा प्रकाश स्तम्भ।

वृक्ष योनि से मुक्त।

वो एक सूखा पेड़। 

Jan 11, 2022

चाय की व्यथा


    मिश्रा जी झल्लाए 

जब पहुँचे घर बौराए 

सिर्फ़ पानी का ग्लास देख, 

तबियत से चिल्लाए।


चाय कहाँ है?


सहमी सी बीवी झटपट भागी रसोई

भगोना चढ़ाया, गैस जलाई, कूँटी अदरक और चीनी मिलाई 

चाय की पत्ती संग डाला दूध, 

फिर उबाला कई दाँई। 


चाय की पहली चुस्की 

ना थी कड़क बल्कि फुसकी। 

बीवी भी चुप, चाय भी चुप 

ना जाने क़िस्मत फूटी किसकी?


बीवी तो जा सकती मायके 

पर चाय आभागिन के मत्थे 

अनगिनत ज़ायक़े। 


कोई चाहे मीठी

कोई कड़क। 

कोई फीकी, 

तो कोई चटक।


कोई माँगे इंग्लिश 

कोई जाफ़रानी । 

किसी की चाहत हर्बल 

तो किसी को बस हरा पानी। 


मेरी, उसकी, इसकी, सबकी 

उबलती पैदाइशें। 

उँगलियों के चिन्हों जितनी 

बेचारी चाय की फ़रमाइशें। 


किसी की आसक्ति, 

तो किसी का प्रेम। 

किसी की लत, 

तो किसी की बस औपचारिकता। 


लेकिन चाय से किसी ने पूछा कभी? 


क्या तुम्हें है पसंद दूध का संग?

दोहरा उफान।

अदरक की गरमाहट ,

या दालचीनी का घमंड?


नही। 

क्योंकि चाय भी शायद 

स्त्री है। 

Jul 5, 2020

एक सूखा कोना

कोने में दुबका 
एक सूखा गमला। 
नकारा।
बिदका। 

राह से हटकर, 
राह में, इसकी 
की कब बहाली हो। 

वेदना से ज़्यादा, 
रूखी मिट्टी, उसमें
और तीन शुष्क डंडियाँ।

डर से कुम्हलाती, 
ये सोचती, 
गिर ना जाएँ गमले से बाहर, किसी रोज़। 

जब तक खूँसी हैं, 
गमले में। 
अलंकृत है वो कोना। 
गमले से। और। 
उसमें खुँसी
तीन मुरझाई डंडियों से। 

Jun 30, 2020

चऊतरे पे

सुबह-सुबह, 
चऊतरे पे,
ऊ सरऊ उठतै,
झाड़ू फेरत रहिन,
झाड़ा जाऐ के बाद। 

बोलत कुच्छो नाही। 
अइसे की जईसे,
चौधरी बने बैइठे, 
इतरावत हैं।  

और अगर तुम कुच्छो बोल देयो, 
तो बस पिरपिराए लगि।
बुढ़ऊ के आवाज तो निकली ना,
रत्ती भर,
बस गुर्राई कऊनो बिलार जैसन।

एक दिन एक कुकरवा हग दीहिस
चऊतरे पे।
जौन तहलका मचाएस ऊ सुवेरे-सुवेरे। 
गंगा माई बहवाए दीहिस,
चऊतरे पे।
सब मुहल्लौ धुल गवा ई चक्कर में। 

एक दिन एक मजूर सोई गवा ओके 
चऊतरे पे।
भाई ई किचाइन मचाएस ऊ सुवेरे-सुवेरे। 
मजुरवा सर पटक दीहिस और बोलिस “अब ना आबे कभी ई 
चऊतरे पे”।
सन्नाटा जबरन छवाई गवा ई चक्कर में। 

एक रात ओकर लड़कवा पीकर लोटत रहा
चऊतरे पे।
बाप रे बाप, ऐसन बवाल किहिस ऊ सुवेरे-सुवेरे। 
कोर्ट-कचहरी सब नाप दीहिस,
चऊतरे पे।
बचौना घर से भाग गवा ई चक्कर में। 

आजै के दिन, औंधा लेटा सोवत रहा ऊ 
चऊतरे पे।
सबहे जनी आइन ऊंहाँ सुवेरे-सुवेरे। 
जौऊन चल ना पाइस ऊहु आइके माथा टेकिस,
चऊतरे पे।
ऊ चौतरा बनिस मंदिर ईके चक्कर में। 

उजाले की मशाल

उजाले ने बदली चाल, 
जैसे बहती राल, 
छोड़ बुद्धि की ताल, 
रची साजिश, 
फूंका धैर्य, 
दागा मन,
चढ़ा मस्तक और बदला काल।

जिसमें।

हर कोई उजाला थूक रहा, 
यत्र, तत्र, सर्वत्र। 
या फिर, मूक बना घोंट रहा, 
बिना किसी अर्थ। 

“अहो रूपम्, अहो ध्वनि” 
की भनभनाती भगदड़।
बुन रही एक नयी आस्था,
कर बंद आँखें, निधड़क।

तभी शायद।
क्षुब्ध तारों की ओज जितना
ज्ञान का आलोक पर्याप्त, बस उतना।

आह ! कैसी विडम्बना?  
जितना कम ज्ञान, 
उतना वो सर्वोत्तम विद्वान?

कदाचित मैं ही हूँ, 
इस अलौकिक जगत का ध्रुव तारा। 
अपना ऑक्सिजन मास्क छोड़, 
प्रयत्नशील हूँ, 
बनने को अचल सहारा।