Jun 16, 2013

पापा


पापा

सिर्फ इक शब्द नही 
अनगिनत स्मृतियों का 
वो एहसास है
जो असीमित है
यादों से परे 
मेरे विचारों में । 

बचपन की मैं क्या कहुं 
मैं तो अब भी उलझा रहता हूं 
पर जो बड़ा हुआ 
तो 
जाना 
समझा कि 
हमारी भूमिकायें 
बदल चुकी हैं । 

मैं आप 
और आप मैं ।

अब मैं 
मना करता हूं 
धूप में निकलने को 
सीढ़ी चढ़ने को 
ठंडे पानी से नहाने को 
भारी बोझ उठाने को 
स्कूटर तेज़ चलाने को 
T.V. ज्यादा देखने को 
और चाय रोज़ पीने को । 

हमने कभी कहा नही 
पर 
Thank You पापा 
ये सिखाने को 
कि प्यार किसे कहते हैं । 

Apr 5, 2013

मैं कल ना आऊंगा


कहने को 
ईंट की चार दिवारें
और एक छत पर
जिसके ४८२ sq ft में 
आज छोड़े जा रहा हूं 
अपना सब कुछ । 

कल ना आऊ़गा 
वापस मैं रोज़ की तरह । 
अब ना होंगी वो
बातें, 
दुलार, 
खामोश रातें और
भीगी बरसातें । 

तुम भी जुड़ गये 
आज उस 
बैडमिंटन के रैकेट, 
होली की वो स्टील वाली पिचकारी,
MME के टूटे बैट 
और चंदा मामा की उन 
अनेक किताबों से 
जिसे वो पुराना 
घर बैठा है संजोये 
सिर्फ मेरी स्मृतियों में ।

काश कि तुम बोल पाते 
और खत्म करते मेरे 
जाने का ये सिलसिला ।


Oct 6, 2012

तुम ना मिली दुबारा


वो मुलाकात,
सालों पहले़ । 

इक भीगी बेंच्च,
मायूस लैम्प पोस्ट,
बूढ़ी खामोशी,
बगल के होस्टल की चकाचौंध,
मैं और तुम । 

कुछ टुकडे़ तुम्हारे,
कुछ मेरे, 
टेढ़े मेढ़े, उलटे सीधे,
आधे पौने, बहके महके, 
फटे पुराने, कोरे रंगीन,
सच्चे झूटे और कुछ खोकले, 
बिखरते गये 
और बना गये इक कहानी । 
मेरी और तुम्हारी । 

वो अनजाना एहसास,
परिचित आभास,
जम गया उस समय में,
जो बहता हि रहा । 

समय - समय बदली इस समय,
कि परिभाशा, 
पर तुम ना मिली दुबारा । 
"दोस्ती" तुम ना मिली दुबारा । 




Jul 3, 2012

बुढ़ापे की दस्तक


चलते चलते
महसूस यूँ हुआ 
परछाई मेरी 
अब बढ़ चली है. 

कल थी दबी यंही 
मेरे पैरों तले
अस्थिर, चंचल, बदलती रूप. 
आज पिघली पड़ी है 
अलसाई, सहमी, निरर्थक. 

डरता हूँ मैं 
कि कहीं ये विलीन 
ना हो जाये
उस अँधेरे में 
जो बढ़ा चला आ रहा है 
मुझे दबोचने. 

Jul 1, 2012

दूरी

संदेह से उत्पन्न भय 
भय से उत्पन्न चिंता 
चिंता से उत्पन्न खोज 
खोज से उत्पन्न वेदना 
वेदना से उत्पन्न निराशा 
निराशा से उत्पन्न उत्तेजना 
उत्तेजना से उत्पन्न क्रोध 
क्रोध से उत्पन्न जिद 
जिद से उत्पन्न ख़ामोशी 
ख़ामोशी से उत्पन्न संकोच
संकोच बढ़ता दूरी.