Aug 29, 2015

तुम्हारी मेरी बातें

उठे तो कुछ ऐसे 
कि जैसे 
इतवार की शिथिल सुबह . 

फिर ठहर जाय 
कि जैसे 
यादों में बिखरी इक दोपहर . 

और थमें तो इस तरह 
कि जैसे 
किसी के आने की आतुरता . 

दिन और रात 
कल और आज 
सुखी और गीली
लाल और पीली
यूँही बस चलती रहें 
तुम्हारी मेरी बातें. 

Jul 4, 2015

अम्मा

उन दिनों एक
विश्वास सा था कि,
छुट्टियों को तुम
बुलाती हो बहाने से. 

तुम्हे भी सुनानी होती
वो कहानियां
बांच रखी थी तुमने
जो इर्द गिर्द.

"गाय, बछड़ा, सीताराम.
खेत, चबैना, कच्चे आम.
सुबह दोपहर की सिमटती मसहरी.
रात से खेलती वो छोटी सी डिबरी."

आज याद है
तो बस,
उन चन्द कहानियों के
चीथड़ों का सुख और
तुम्हारे खिचड़ी की खुशबू. 



Oct 22, 2014

दीवाली

कमरा आया आंगन को
दिवारों में टंगी 
जब सीढ़ीयॉं । 
नीली-सफ़ेदी गलियारों की 
बिछाने लगी 
जब सर्दियॉं । 
पहचानी आवाजों ने 
घर को 
जब भिगोया । 
और दिखा सुतली बम 
जब बुद्धु की माई दुकान 
तब महकी दीवाली । 

छोटी बड़ी की कश्मकश 
अठ्ठन्नी से भिड़ती 
चवन्नी की ललकार । 
रॉकेट को पकड़ती 
चटाई की किलकार । 
अनार को चिढ़ाती 
फुलझड़ी की चुगलियां । 
और आपस मे ही 
दंगल करते 
उज्जड बुलेट बम 
जब सिमटे इन दियों में 
तब खिली दीवाली । 

May 4, 2014

रिश्तों की टोली

रेडियो में बजते
हर गाने के साथ,
मन ने भरपूर
छलांगे मारी ।

कभी इस शहर
तो कभी उस नगर ।

गर्म हवाओं के
बहकावे में,
सालों जमी धूल भी
कुछ हल्की हुई
बौराई
तिलमिलाई ।

भर्राई
अनेक आवाजें कानों में ।

और गले में ?
इक उफ़नता सैलाब
जो बस तैयार था
सांसो को निचोड़ने में ।

खूब निकली आज
कुछ रिश्तों की टोली । 

Mar 26, 2014

आज का दिन

आज दिन कुछ
नया सा था ।

रोज़ की तरह
सूखा नही
थोड़ा भीगा
थोड़ा शरारती
थोड़ा अपना ।

खुश एेसा की
मानो बचपन
ज़िद्दी एेसा की
मानो बुढ़ापा ।

हुआ कुछ नही
वही सुबह रही
वही दोपहर
वही शाम ।

पर हर पहर
सिर्फ बदला मैं ।

आज मैने
तुमसे की बातें ।