Jun 30, 2020

उजाले की मशाल

उजाले ने बदली चाल, 
जैसे बहती राल, 
छोड़ बुद्धि की ताल, 
रची साजिश, 
फूंका धैर्य, 
दागा मन,
चढ़ा मस्तक और बदला काल।

जिसमें।

हर कोई उजाला थूक रहा, 
यत्र, तत्र, सर्वत्र। 
या फिर, मूक बना घोंट रहा, 
बिना किसी अर्थ। 

“अहो रूपम्, अहो ध्वनि” 
की भनभनाती भगदड़।
बुन रही एक नयी आस्था,
कर बंद आँखें, निधड़क।

तभी शायद।
क्षुब्ध तारों की ओज जितना
ज्ञान का आलोक पर्याप्त, बस उतना।

आह ! कैसी विडम्बना?  
जितना कम ज्ञान, 
उतना वो सर्वोत्तम विद्वान?

कदाचित मैं ही हूँ, 
इस अलौकिक जगत का ध्रुव तारा। 
अपना ऑक्सिजन मास्क छोड़, 
प्रयत्नशील हूँ, 
बनने को अचल सहारा।

Apr 4, 2020

निंदिया

चंदा मामा आते, 
पुए पकाते, 
और मुझे सुलाते। 

माँ की लोरियाँ, 
थपथपाती, 
पिघलाती, 
ले जाती, 
दूर, बहुत दूर। 

माँ कहती,
निंदिया के अनेको घरौंदे। 
सब में छुपी, 
अनोखी कहानियाँ। 
चुपके-चुपके जा,
चुरा ला,
और फिर सबको सुना। 

मैं बुनती,
कुछ अटपटे सवालों के तानेबाने। 
होना था बड़ा 
माँ जैसा। 
जल्दी जल्दी, 
उड़ना,
और फिर दुनिया को छूना। 

मैं और माँ,
दोनो की अपनी ख्वाहिशें। 
उनको निंदिया,
मुझे सपनों का सातवाँ घोड़ा। 
एक नया,
आसमाँ, 
और चंद्रमा मेरा अपना। 

आज,
निंदिया के छुटपुट टुकड़ों
में टटोल रही हूँ, 
वही कहानियाँ 
जो चुरा कर लायी थी 
कभी माँ के लिए। 

Jul 24, 2019

अमरूद की दोस्ती

अमरूद,
तुम्ही मेरे सच्चे दोस्त रहे ।
जब गर्मी मुझे पका जाती
उबा देती,
दिनों के अंतहीन विराम से।
और जब स्कूल की
नयी कक्षा का
जोश बन जाता दोष ।
तब तुम फूट पड़ते
बरसात के साथ,
सौंधी खुशबू ओढ़े।

पर
भाव तुम्हारा बिगड़ैल रहता,
कड़क, खट्टा और पथरीला ।
जैसे की मेरा,
हर सुबह की ब्रम्ह वेला में।
जब पापा की "उठो बेटा उठो" की रट,
लगातार,
लालटेन की कुलबुलाती रोशनी संग,
पेचकस करती रहती कानो में ।

गुड़ सी मीठी धूप,
जब खिलती सर्दीयों में।
तब कहीं तुम पिघलते,
और नर्म हो जाते
कच्ची गरी जैसे
रसभर, विनम्र।
कभी गुलाबी, कभी सुफेद ।

तुम्हे काटने का,
नमक-मिर्च लपेटने का,
और फिर चुटकियों सी फांक में,
खाने का।
सुख, संतोष और स्वाद
अवर्णनीय है, उसी तरह
जैसे मम्मी की पीसी हुयी
तुम्हारी चटनी ।

अंततः तुम्ही वो दोस्त रहे,
जिसने मन को सर्वदा तृप्त किया।
कल भी
और आज भी ।
तकलीफ बस इतनी,
कि अब जब भी मिलते हो
एहसास करा देते हो
परदेस का ।

Dec 7, 2018

एक शहर की अवहेलना

समय जहाँ स्थिर रहता, 
गंगा सर्वदा गतिमान 
लोगों की आस्था बंधी मिलती 
समक्ष “बड़े” हनुमान। 

सड़कों की कड़ियों में उसकी, 
घुली रिश्तों की मिठास 
बैठक, चबूतरा, चौकी मनाती 
त्योहारों का उल्लास। 

उज्जड भी वहाँ सर झुकाते 
सुन बड़ों की बातें
मोहल्ले, नुक्कड़, पान-भंडार पर 
सभी अपनी गप्प हांकें। 

हुल्लड़, बकैत सभी की भाषा
कितने सहे उसने अहंकार। 
गोबर, कचरा,  “तलब” की पीक
थोड़ा अतिशियोक्ति थोड़ा रूपक अलंकार।  

पर वो शहर हमेशा जीवंत रहा 
लिए अपना इतिहास 
नाम में भी गर्व समाया
अपितु बिना "सरस्वती" साथ। 

कष्ट भले ही हुए अगणित
छोड़ चले जब विद्वान हज़ार। 
बस गए जो, हुए माहिर 
स्वार्थ के निभाते किरदार। 

सांत्वना सिमटी उन अपनो में 
जो आते रहे कभी कभार। 
कुछ वो रोए, कुछ शहर उनका 
यादों के फोड़ते ग़ुबार। 

आज शहर जो मर गया 
तो इसलिए, 
कि 
सिर्फ़ नाम नहीं, अस्तित्व मिटा 
हम विमुख हुए। 

Sep 28, 2018

दोपहर की खिड़की


खूँटी पर टँगी शर्ट 
इतराती, बलखाती 
दोस्त उन हवाओं की, 
जो दुबक कर, आहिस्ता - आहिस्ता  
घुसती, 
दरवाज़े की ओढ़ से । 

वो पुश्तैनी दरवाज़ा 
झुँझलाता, गुर्राता 
मजबूर उन आवाज़ों का,  
जो उफन कर, 
बहती, 
मोहल्ले के मर्म से । 

मोहल्ला, 
उसकी गलियाँ,
और उनमें से, 
गुज़रता वक़्त, स्थिर ही रहा । 

अपितु, 
उस बंद कमरे में, 
बिछी तख़्त, साथ लगी दीवार की सीलन,
उससे सटी कुर्सी, के बग़ल का दरिचा, 
सबने महसूस की, 
एक उलझी कश्मकश, 
एक गूँगा मतभेद, 
और विभिन्न परिपक्वता । 

जैसे पापा का अद्भुत सारल्य,
और मेरी आकुल जटिलता ।